• मंगलवार, 07 मई, 2024

सोयाबीन के उत्पादन में महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश को पीछे छोड़ बना नंबर वन

मुंबई । अखिल भारतीय खाद्य तेल व्यापारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कॉन्फेडरेशन आफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के महाराष्ट्र प्रदेश के महामंत्री शंकर ठक्कर ने बताया देश के कुल खाद्य तेल उत्पादन में सोयाबीन का योगदान 22 प्रतिशत है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि खाद्य तेल के उत्पादन में आत्मनिर्भर होने की चुनौती को पूरी करने की क्षमता सबसे अधिक सोयाबीन में है। लेकिन, इस रास्ते में कम उत्पादकता बहुत बड़ी चुनौती है। यह कम पानी में तैयार होने वाली फसल है। 

देश की प्रमुख तिलहन फसल सोयाबीन के उत्पादन में इस बार नंबर वन होने का ताज अब मध्य प्रदेश से छिन गया है  अब सोयाबीन उत्पादन में महाराष्ट्र नंबर वन बन गया है। लंबे समय से सोयाबीन का सबसे बड़ा उत्पादक मध्य प्रदेश हुआ करता था। इसके बावजूद प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में महाराष्ट्र ही आगे रहता था। लेकिन अब उत्पादन की कुल हिस्सेदारी और उत्पादकता दोनों में महाराष्ट्र अव्वल हो गया है। कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। देश के कुल सोयाबीन उत्पादन में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी अब 45.35 फीसदी हो गई है जबकि मध्य प्रदेश का योगदान अब सिर्फ 39.83 फीसदी ही रह गया है। यह आंकड़ा 2021-22 का है। जबकि 2017-18 में कुल सोयाबीन उत्पादन में मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी 53.68 फीसदी थी और महाराष्ट्र सिर्फ 33.51 फीसदी पर ही अटका हुआ था।